नारंगी वन परिक्षेत्र के जंगल में लगी आग, पहली बार जंगल पंहुचा दमकल वाहन

कोंडागांव। जिले के वनमंडल के नारंगी वन परिक्षेत्र में कोंडागांव जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर आरएफ-843 के जंगल में लगी आग तेजी से फैलने लगी, जिससे हालात गंभीर हो गए। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जंगल में रखे लगभग 15 से 20 जलाऊ लकड़ी के चट्टे आग की चपेट में आ गए। आग की तीव्रता को देखते हुए वन विभाग ने शनिवार सुबह पहली बार दमकल वाहन को जंगल के अंदर तक पहुंचाकर आग बुझाने का प्रयास किया । इससे पहले जंगल के अंदर दमकल वाहन ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही संयुक्त डीएफओ, एसडीओ और रेंजर सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच कर आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार मशक्कत कर रही है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस समय जंगलों में आग लगने का खतरा अधिक रहता है, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आस-पास के वन क्षेत्रों और वन्यजीवों को भी नुकसान हो सकता है। फिलहाल वन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।







