ChhattisgarhRegion

यादव समाज ने पहली बार करवाई नि:शुल्क सामूहिक विवाह, 15 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

Share

जगदलपुर। जिले के दलपत सागर स्थित कृष्ण मंदिर में पहली बार यादव समाज द्वारा नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन कर एक नई परंपरा की शुरुआत की गई है। इस सामूहिक विवाह समारोह में समाज के 15 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधे। इस पहल को न केवल समाज में सराहना मिली, बल्कि यह आयोजन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का बड़ा माध्यम भी बनकर सामने आया। इस सामूहिक विवाह समारोह में समाज के पदाधिकारी सहित समाज के लोग शामिल हुए।
मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों ने सात फेरे लिए। समाज के लोगों ने बताया कि आज के समय में शादी करना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए काफी कठिन हो गया है। बढ़ती महंगाई के कारण विवाह में लाखों रुपये खर्च होते हैं, जिससे कई परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यादव समाज ने सामूहिक विवाह की पहल की, ताकि ऐसे परिवारों को राहत मिल सके और वे बिना आर्थिक दबाव के अपने बच्चों की शादी कर सकें।
समाज के संरक्षक विक्रम यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजन से गरीब परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा और समाज में आपसी सहयोग की भावना मजबूत होगी। आने वाले समय में इस पहल को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
समाज के अध्यक्ष सुकमन यादव ने बताया कि इस सामूहिक विवाह में करीब 2 लाख रुपए का खर्च आया, जिसे समाज के लोगों ने आपसी सहयोग से चंदा इक_ा कर पूरा किया। शादी में शामिल किसी भी जोड़े या उनके परिवार से कोई शुल्क नहीं लिया गया। इस आयोजन की तैयारी कई महीने पहले से की जा रही थी और इसे सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया गया। समाज के लोगों ने अगले वर्ष और अधिक जोड़ों के साथ बड़े आयोजन की योजना बनाने की बात कही।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button