बच्ची से दुर्व्यवहार पर मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य पर लगा 50 हजार का जुर्माना

दुर्ग। नंदिनी थाना क्षेत्र में स्थित मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में नर्सरी की एक मासूम बच्ची के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में अब शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। करीब साढ़े तीन साल की बच्ची से अमानवीय व्यवहार के इस मामले में स्कूल की प्राचार्य ईला ईवन कौलविन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।
यह घटना जुलाई 2025 की बताई जा रही है। आरोप है कि नर्सरी में पढऩे वाली बच्ची ने स्कूल में राधे-राधे कहा, जिससे प्राचार्य नाराज हो गईं। इसके बाद उन्होंने बच्ची को डांटा-फटकारा ही नहीं, बल्कि कथित तौर पर उसके साथ मारपीट भी की और उसके मुंह पर टेप चिपका दिया। जब बच्ची घर पहुंची तो वह डरी-सहमी हुई थी। परिजनों के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया। बच्ची के पिता प्रवीण यादव ने तुरंत नंदिनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। उन पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं के साथ-साथ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के तहत भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई।







