Madhya Pradesh
धान खरीदी केंद्र में मारपीट, लोहे की रॉड से हमला, युवक की मौत

शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के तिखवा गांव में धान खरीदी केंद्र में एक मामूली विवाद हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तिखवा निवासी अशोक पाल धान खरीदी केंद्र में गतिविधियों की फोटो खींच रहा था, जिस पर केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, और बीच-बचाव करने आए अशोक के भाई दिनेश पाल पर शशिकांत ने लोहे की रॉड से जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश पाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 8 दिनों के संघर्ष के बाद उसकी मौत हो गई। घटना से तिखवा गांव में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पपौंध पुलिस ने आरोपी शशिकांत शर्मा को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







