Chhattisgarh

खेत में रहस्यमयी तरीके से जमीन धंसी, जगह को किया सील

Share

राजनांदगांव। डोंगरगांव ब्लॉक के कबीर मठ नदिया गांव में एक किसान के खेत में रहस्यमयी तरीके से जमीन धंस गई। लगातार बारिश के बाद हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और कौतूहल का माहौल है। किसान अमर सिंह रावटे के खेत में अचानक जमीन धंसने लगी।
देखते ही देखते एक छोटा सा गड्ढा विशाल धंसाव में बदल गया। इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है। आसपास के गांवों से भी लोग इस अनोखे धंसाव को देखने पहुंच रहे हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, पटवारी और राजस्व निरीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत क्षेत्र को घेर लिया। लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। एडीएम सी.एल. मार्कण्डेय ने बताया कि राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को घेर दिया गया है।
प्रथम दृष्टया यह कुएं जैसी संरचना प्रतीत हो रही है। वास्तविक कारणों की पुष्टि जियोलॉजिकल विभाग की जांच के बाद ही हो पायेगी। प्रशासन अब जियोलॉजिकल विभाग की टीम बुलाकर पूरी जांच कराएगा। फिलहाल धंसाव वाले स्थान पर किसी को जाने की अनुमति नहीं है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button