नक्सलवाद का खात्मा सरकार के लिए चैलेंज था,अब इस क्षेत्र में विकास का जाल बिछायेंगे – मुख्यमंत्री साय

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने राजापारा इलाके में स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ का दर्शन किया। श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा सरकार के लिए बहुत बड़ा चैलेंज था, लोगों को लगता नहीं था कि कभी इस समस्या का समाधान होगा, डबल इंजन की सरकार में जवानों के अदम्य साहस से यह संभव हो सका।
उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दृष्टि से 31 मार्च का दिन ऐतिहासिक दिन था। देश के पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने डेडलाइन घोषित की थी कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा करना है। उनकी मंशानुरूप जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया और छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त हुआ है। समूचा छत्तीसगढ़ इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभारी है।
उन्होंने कहा कि बस्तर प्राकृतिक दृष्टिकोण से भी बेहद सुंदर है। वहां के लोग नक्सलवाद की वजह से पिछले 4 दशकों से विकास की मुख्य धारा से अछूते थे। सड$क बिजली पानी राशन कुछ भी व्यवस्था वहां नहीं थी। नक्सलवाद के खात्मे के बाद जो क्षेत्र 4 दशकों से विकास से अछूता था वहां विकास पहुंचाएंगे।
सीएम ने कहा कि जनता भली भांति जानती है कि इसका श्रेय लेने का वास्तविक हकदार कौन है। सीएम ने बीजेपी के गांव चलो अभियान को लेकर कहा कि भाजपा संगठन हमेशा जनता के सुख दुख में साथ खड़ी रहती है। कोविड कॉल में भी हमारे लोग लगातार सेवा में लगे थे। 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस है। स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल बाबा साहब अंबेडकर की जयंती तक संगठन के लोग गांव में आम जनता के बीच जाएंगे और संगठन की रीति से अवगत कराएंगे। सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएंगे।






