देशी मशरूम खाने से एक ही परिवार के आठ लोग फूड पॉइजनिंग का हुए शिकार

कोंड़ागांव। जिले के पलारी गांव में एक ही परिवार के आठ लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत बीती रात 2 बजे के बाद अचानक बिगड़ गई, जब उन्हें लगातार उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई। परिजन सभी को निजी वाहन से कोंड़ागांव जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार किया गया। पीडि़तों में दो बच्चे, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रभावित सभी लोग देवांगन परिवार के सदस्य हैं। परिवार ने घर पर फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी बनाकर खाई थी, जिसके कुछ घंटे बाद सभी की तबीयत बिगडऩे लगी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का परीक्षण किया। इनमें से गंभीर स्थिति को देखते हुए पांच लोगों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार एवं निगरानी के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि रविवार रात 2 बजे पलारी से एक पूरा परिवार जिला अस्पताल पहुंचा था। सभी ने घर पर बनी फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। मरीजों की स्थिति का परीक्षण करने के बाद कुछ लोगों को भर्ती करना पड़ा, जबकि बाकी को ऑब्जर्वेशन और उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डॉ. दुग्गड़ ने आगे बताया कि प्रभावित परिवार ने वही मशरूम की सब्जी अपने पड़ोसियों को भी खाने के लिए दी थी। इसके बाद पड़ोसी परिवार के कुछ सदस्य भी फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए और वे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है।







