डीजे धुमाल संघ ने पुलिस की बात मानने से किया इंकार

रायपुर। देश में कल से गणेशोत्सव शुरू हो जाएगा। गणेशोत्सव पर डीजे बजाने को लेकर रायपुर पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ बैठक की। रायपुर एएसपी लखन पटले ने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि गणेशोत्सव पर केवल पारंपरिक वाद्ययंत्र बजा सकते हैं। डीजे बजाना प्रतिबंधित रहेगा। अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पर डीजे संचालकों ने पुलिस की बात को मानने से इंकार कर दिया।
एएसपी पटले ने कहा, डीजे संचालन के लिए प्रशासन की ओर से एनओसी नहीं दी जाएगी। अस्पताल, स्कूल और सार्वजनिक जगहों से 100 मीटर के दायरे में डीजे पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। रात 10 बजे के बाद डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। तेज आवाज में डीजे की अनुमति नहीं रहेगी। एक बार से अधिक चालानी कार्रवाई पर उस गाड़ी को राजसात किया जाएगा। प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाते पाए गए तो जुर्माना लगाया जाएगा।
इस सम्बन्ध में धुमाल डीजे संघ रायपुर के अध्यक्ष गौतम महानंद ने कहा कि डीजे नहीं बजाएंगे तो हमारे साथियों की रोजी-रोटी कैसे चलेगी। गणेशोत्सव में कम साउंड में डीजे-धुमाल बजाएंगे। पिछले साल डीजे बजाने पर भारी भरकम चालान पटाना पड़ा था।
