रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा डीजे-धुमाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में विवाह सीजन के दौरान डीजे और धुमाल को लेकर होने वाली शिकायतों और विवादों को देखते हुए प्रदेश में पहली बार पुलिस अधिकारियों और डीजे-धुमाल संचालकों की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीजे संचालकों ने प्रशासन के साथ चर्चा कर नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया और रात 10 बजे के बाद डीजे व धुमाल नहीं बजाने का निर्णय लिया।
बैठक में डीजे और धुमाल संचालकों ने स्पष्ट कहा कि वे प्रशासन द्वारा तय सभी नियमों का पालन करेंगे, ताकि विवाह और अन्य कार्यक्रमों के दौरान किसी तरह की परेशानी या विवाद की स्थिति न बने। उन्होंने यह भी कहा कि वे ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करेंगे और अपने साथ जुड़े अन्य संचालकों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि किसी भी समारोह या कार्यक्रम में रात 10 बजे के बाद डीजे और धुमाल नहीं बजाया जाएगा। यह फैसला ध्वनि प्रदूषण और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। संचालकों ने कहा कि वे तय मानकों के अनुसार ही डीजे बजाएंगे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवाह सीजन में लोगों की सुविधा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कोई संचालक तय नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







