बॉयफ्रेंड से विवाद, गर्लफ्रेंड को ट्रेन से दिया धक्का,एक नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार
बिलासपुर। चलती ट्रेन से नाबालिग की धक्का देकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान खैरागढ़ निवासी 14 वर्षीय देविका वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में उसके बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका का डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। 28 मार्च को वह अपने मामा की शादी में खैरागढ़ आई हुई थी। इसी दौरान वह बिना परिजनों को बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों के साथ डोंगरगढ़ जाने के लिए घर से निकली थी।
डोंगरगढ़ से चारों कोरबा चले गए। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर मोहन और नाबालिग के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में मोहन ने लड़की को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। 28 मार्च की रात से बेटी के लापता होने पर परिजनों ने 29 मार्च को दोपहर 12 बजे ठेलकाडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 30 मार्च को मस्तूरी थाने पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक नाबालिग का शव मिलने की सूचना मिली। पहचान नहीं होने पर शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और पहचान के लिए फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया।
इसी दौरान बिलासपुर पुलिस को जानकारी मिली कि खैरागढ़ की रहने एक नाबालिग 28 मार्च से घर से लापता है। 31 मार्च को खैरागढ़ पुलिस देविका के परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां परिजनों ने उसकी पहचान की।
पुलिस के पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि ट्रेन रविवार सुबह कोरबा पहुंचने वाली थी। इसी दौरान यात्रा के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मोहन वर्मा ने देविका को ट्रेन से धक्का दे दिया।





