जब्त सोने की ज्वेलरी के गबन में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में जब्त की गई सोने की ज्वेलरी का गबन करने के आरोप में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बताया गया कि कुछ वर्ष पहले मोहन नगर पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण में करीब 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी जब्त की थी, जिसे विवेचक के रूप में मोनिका गुप्ता की अभिरक्षा में रखा गया था, लेकिन बाद में वह ज्वेलरी गायब पाई गई। जांच के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह मोनिका गुप्ता पर गया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उसी ने सोने के जेवरों का गबन किया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। उल्लेखनीय है कि मोनिका गुप्ता पहले भी कई विवादों में रही है और विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर उसे सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उस पर एक व्यक्ति से उसकी बेटी को नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध रूप से राशि लेने और अपने पद के दुरुपयोग का आरोप भी सिद्ध हो चुका था। अब जब्त सोने की ज्वेलरी के गबन का आरोप साबित होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।







