स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 पदों पर सीधी भर्ती, फरवरी 2026 से प्रक्रिया प्रारंभ

छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर शीघ्र ही भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इन पदों के लिए परीक्षा आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ व्यापम को अधिकृत किया गया है। विभाग द्वारा विज्ञापन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
राज्य सरकार फरवरी 2026 से 5,000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने जा रही है। चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा, जिसका आयोजन व्यापम द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह भर्ती राज्य के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है। इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की रिक्तियों को भरने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश शीघ्र जारी किए जाएंगे।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। विशेष बात यह है कि इसमें व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
ज्ञातव्य है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।







