माघ पूर्णिमा पर मां नर्मदा में श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र स्नान

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां सर्द हवाओं और ठिठुरन के बावजूद बड़ी संख्या में भक्तों ने मां नर्मदा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से ही घाट पर ‘नर्मदे हर’ के जयकारे गूंजते रहे और युवा-बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। नर्मदा स्नान के बाद माताओं और बहनों ने घाट पर स्थित शिवलिंगों का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शास्त्रों में माघ पूर्णिमा का विशेष महत्व बताया गया है और मान्यता है कि माघ मास के अंतिम दिन नर्मदा स्नान करने से सभी कष्टों का निवारण होता है तथा मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। सूर्य की पहली किरण के साथ नर्मदापुरम की पावन धरा पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, वहीं दान-पुण्य और जप-तप का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहने की उम्मीद है।







