छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के सफाए पर उप मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर हमला

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के नक्सलियों को खत्म न कर पाने वाले बयान पर तगड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार अपने शहीदों के लिए पांच साल तक कुछ नहीं कर पाई, जबकि आज भाजपा की सरकार देश के गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के सफाए पर काम कर रही है। विजय शर्मा ने छत्रपति शिवाजी की जयंती पर कवर्धा के शिवाजी चौक पर प्रतिमा का अनावरण करते हुए बताया कि झीरम घाटी में उन्होंने शहीदों को प्रणाम किया और मन ही मन संकल्प लिया कि जिस दिन नक्सलियों से प्रदेशवासियों को मुक्ति मिलेगी, उस दिन वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इसमें राजनीति दिखती है, जबकि भाजपा की सरकार अपने सशस्त्र बलों के माध्यम से शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे रही है और ऐसे कांग्रेस जैसे दलों को धिक्कार है।







