पवन शाह को न्याय दिलाने की मांग तेज, पुलिस की निगरानी सख्त

मोरवा क्षेत्र में लापता छात्र पवन शाह की हत्या के तीसरे दिन शुक्रवार को पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की गई, हालांकि कहीं भी तनाव की स्थिति नहीं देखी गई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हालात पूरी तरह सामान्य होने तक अगले 1–2 दिनों तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहने की संभावना है। इस बीच कांग्रेस नेता राम शिरोमणि सहवाल मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया, साथ ही अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की। शाम करीब 6 बजे पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर एसडीओपी गौरव पाण्डेय और एसडीओपी राहुल सैयाम के नेतृत्व में मोरवा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। वहीं हत्या के सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।







