खाना बनाते समय फटा सिलेंडर, 4 लोग घायल

दिल्ली से सटे नोएडा के थाना फेस 3 इलाके के गाड़ी चौखंडी गांव में रविवार सुबह खाना बनाते समय एक घर में सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया, जिसमें चार लोग बुरी तरीके से घायल हो गए। दो की हालत नाजुक बनी हुई है। इनको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
नोएडा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 जनवरी की सुबह थाना फेस 3 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी चौखंडी में परिवार सहित किराए पर रहने वाले गोरंग सरकार के घर में खाना बनाते समय सिलेंडर में आग फटने और लगने की सूचना पुलिस की मिली। तत्काल फायर ब्रिगेड और थाना फेस 3 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगो ने पहले ही आग पर काबू पा लिया था।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में गौरंग सरकार (39), उनकी पत्नी (37), बेटी (17) और उनका पड़ोसी प्रदीप विश्वास (40) झुलस गए हैं, जिनको तत्काल जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।अस्पताल पहुंचने के बाद गौरंग सरकार और उसकी पत्नी की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग में भर्ती कराया गया है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
