Chhattisgarh

चक्रवात कमजोर, रायपुर में मौसम साफ — जल्द लौटेगी ठंड

Share

रायपुर। चक्रवाती तूफान मोंथा के कमजोर होने के बाद राजधानी में कई दिनों बाद मौसम साफ हुआ और लोगों ने राहत महसूस की। शनिवार को चमकीली धूप निकलने से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, हालांकि रात होते-होते नवा रायपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई। बीते सप्ताह भर से बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के प्रभाव से राज्यभर में बादल छाए रहे और दिनभर धूप कमजोर रही। सामान्यतः इस अवधि में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है और ठंड महसूस होने लगती है, लेकिन इस बार बादलों की वजह से तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अब सिस्टम कमजोर पड़ गया है और अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है, अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 32.5 डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम 17.8 डिग्री पेंड्रा में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड की वापसी जल्द महसूस होगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button