14 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, इंदौर से 4 आरोपी गिरफ्तार

राज्य साइबर पुलिस जोन जबलपुर ने इंदौर से शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कुल 14 लाख 16 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड अनिकेत मात्रे है, जो इंदौर में कॉल सेंटर संचालित करता है। आरोपी लोगों को फोन कर शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देते थे और ठगी की रकम को म्यूल अकाउंट्स यानी अन्य लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे। इसके बाद उस राशि को नकद निकालकर अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च किया जाता था। साइबर सेल ने इस मामले में अपराध क्रमांक 262/2022 के तहत धारा 419, 420, 34 आईपीसी और 66डी आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साइबर सेल प्रणय नागवंशी के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत आमों के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें निरीक्षक नीलेश अहिरवार, उपनिरीक्षक रामनरेश तिवारी और आरक्षक आलोक चौबे की अहम भूमिका रही।







