ChhattisgarhRegion

तूफान, बारिश, वज्रपात से सीआरपीएफ के धर्मावरम व चिंतावागु कैंप हुआ क्षतिग्रस्त

Share

बीजापुर। जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भयंकर तूफान, मूसलाधार बारिश और वज्रपात ने 212वीं वाहिनी सीआरपीएफ के धर्मावरम और चिंतावागु कैंप को अपनी चपेट में लिया। इस प्राकृतिक आपदा से सरकारी बुनियादी ढांचे और उपकरणों को व्यापक क्षति पहुंची है। राहत की बात यह है कि किसी भी जवान के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
सीआरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार धर्मावरम कैंप में तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंपनी स्टोर की छत उड़ गई, सीमा दीवार ढह गई और सिग्नल एमएएसटी व जीटी एंटीना जैसे महत्वपूर्ण संचार उपकरणों को क्षति पहुंची है। भारी जलभराव के कारण कंप्यूटर, एलईडी टीवी और कई महत्वपूर्ण आधिकारिक दस्तावेज खराब हो गए। चिंतावागु कैंप में बिजली गिरने से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण 30 केवी का जनरेटर सेट जल गया और अधिकारियों के मेस सहित संतरी पोस्टों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। सीआरपीएफ प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है, जिसका मुख्य उद्देश्य आधिकारिक रिकॉर्ड को सुरक्षित करना और कैंपों में पूर्ण परिचालन व संचार व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करना है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button