SIR प्रक्रिया में विवाद, गौरेला में मतदाताओं ने दर्ज कराई शिकायत

गौरेला नगर पालिका क्षेत्र में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। SIR प्रक्रिया के दौरान एक ही समुदाय के सैकड़ों मतदाताओं के नामों पर आपत्ति दर्ज होने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। नाराज मतदाताओं ने आपत्तिकर्ता के खिलाफ गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में जानबूझकर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत एक विशेष समुदाय के लोगों के नाम कटवाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि वे पीढ़ियों से—आजादी से पहले से—इस क्षेत्र में निवासरत हैं और अब तक देश में हुए सभी चुनावों में मतदान करते आए हैं। मतदाताओं ने बताया कि SIR से संबंधित सभी अनिवार्य दस्तावेज उन्होंने समय पर अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए थे, इसके बावजूद उनके नामों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई जा रही है। इसे वे दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक प्रेरित कार्रवाई मान रहे हैं। पीड़ित मतदाताओं ने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक व्यक्ति द्वारा उनकी नागरिकता और मताधिकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। इसी के विरोध में उन्होंने गौरेला थाने पहुंचकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।







