एनआईटी चौपाटी विवाद कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के लिए किया हवन-पूजन

राजधानी के एनआईटी चौपाटी विवाद को लेकर सियासी घमासान जारी है। कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मंत्री अरूण साव और विधायक राजेश मूणत का पोस्टर हाथों में थामकर हवन-पूजन किया। उनका कहना था कि चौपाटी से जुड़े दुकानदारों और ठेला संचालकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि हम भाजपा नेताओं की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ कर रहे हैं, क्योंकि जिस चौपाटी से गरीब और छोटे व्यापारियों की रोज़ी-रोटी जुड़ी हुई है, उसे उजाड़कर कभी वैध तो कभी अवैध बताया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी से चौपाटी में लगी लगभग साढ़े 6 करोड़ रुपये की राशि की वापसी की भी मांग की।
विकास उपाध्याय ने कहा कि पहले चौपाटी को वैध बताया गया, फिर अचानक अवैध करार दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग है कि दुकानदारों और ठेला संचालकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।







