धान खरीदी को लेकर कांग्रेस विधायकों ने मंत्री दयालदास बघेल को घेरा, सदन में विरोध और वॉकआउट

धान खरीदी को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस के विधायकों ने मंत्री दयालदास बघेल को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदी के लिए केवल दिखावा करती है। प्रश्नकाल के दौरान विधायक लखेश्वर बघेल ने वर्ष 2025-26 में हुई धान खरीदी और उसके उठाव का मुद्दा उठाते हुए किसानों की समस्याओं पर सवाल किए। मंत्री दयालदास बघेल ने बस्तर संभाग में हुई धान खरीदी के आंकड़े पेश किए, लेकिन विपक्षी विधायकों ने स्पष्ट जवाब न मिलने पर नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भी बस्तर के आदिवासी किसानों के ऋण और धान खरीदी की स्थिति पर सवाल उठाए। मंत्री ने कहा कि जो किसान धान खरीदी केंद्र तक पहुंचे, उनका धान खरीदा गया और ऋण लेने वाले किसानों का धान खरीदा जाता है, लेकिन कई किसानों का धान केंद्र तक न पहुँचने के कारण अभी तक खरीदी नहीं हो पाई है। विपक्ष ने सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया और इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की मांग की।







