बीजेपी अध्यक्ष और वन विभाग में टकराव, मुनारा निर्माण पर लगा रोक

जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब बीजेपी नेता और ब्यौहारी नगर पालिका अध्यक्ष राजन गुप्ता का वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से तीखा विवाद हो गया। वन विभाग ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के बीट बेढरा में पीसीडी कार्य के तहत मुनारा निर्माण कर रहा था, ताकि वन सीमा चिन्हित हो और भविष्य में अतिक्रमण रोका जा सके। इसी दौरान राजन गुप्ता मौके पर पहुंचे और कार्य को रोकने की मांग की, कर्मचारियों से तीखी बहस की और जेसीबी को नगर परिषद ले जाने की बात कही। रेंजर के आने के बाद भी उन्होंने खुदाई की अनुमति से जुड़े दस्तावेज दिखाने की मांग की। विवाद के चलते वन विभाग की टीम ने फिलहाल काम रोकना उचित समझा। यह कोई पहला विवाद नहीं है; इससे पहले भी राजन गुप्ता के टोल नाके पर कर्मियों से गाली-गलौच और धमकी देने का वीडियो वायरल हो चुका है। राजन गुप्ता का कहना है कि वह जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों के हित में खड़े रहते हैं और इस मामले में भी गरीब दुकानदार की जमीन पर जबरदस्ती निर्माण नहीं होने दिया।







