Chhattisgarh

बिलासपुर में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: कई विभागों में कर्मचारी अनुपस्थित

Share

बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सोमवार सुबह 10 बजे न्यू कम्पोजिट बिल्डिंग में संचालित दर्जनभर विभागों का औचक निरीक्षण किया और प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविकता सामने लाई। निरीक्षण में कई विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी ने चौंकाने वाली तस्वीर पेश की, जिस पर कलेक्टर ने तीखी नाराजगी जताई। प्रशासनिक कामकाज में सुधार और कर्मचारियों को सुविधा देने के लिए सप्ताह में दो दिन अवकाश और सुबह 10 बजे कार्यालय आने का समय तय किया गया था, लेकिन अधिकांश कर्मचारी पुराने ढर्रे के अनुसार देर से पहुँच रहे थे। उद्योग विभाग में निरीक्षण के समय सिर्फ एक चपरासी मौजूद था, जबकि कोष लेखा विभाग में चपरासी तक अनुपस्थित था। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थिति रजिस्टर मंगवाए और कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। इस बीच, श्रम विभाग ने मिसाल पेश की, जहां 37 में से 35 कर्मचारी समय पर उपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने अन्य विभागों में भी श्रम विभाग का उदाहरण पेश किया और सभी दफ्तरों में बायोमैट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button