ChhattisgarhRegion

कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पोषण योजनाओं की समीक्षा

Share

सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) सहित अन्य विभागों के कार्यों की स्थिति पर गंभीरता से चर्चा की गई।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विकासखंडों में स्कूल संचालन, छात्रावास व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने इस सत्र में विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के समय पर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण आहार निर्माण एवं वितरण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा कुपोषण मुक्ति की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने पर बल दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों को तिलहन एवं दलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य, सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता सुधार, नेशनल हाईवे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही सियानगुड़ी निर्माण, पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, डीएफओ श्री डी पी साहू, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व एस डी एम, सभी जिलास्तरीय अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button