मोहला-मानपुर में हरे सोने का संग्रहण जारी, 39 समितियों के जरिए तेजी से काम

मोहला-मानपुर जिले में छत्तीसगढ़ का हरा सोना कहे जाने वाले तेंदूपत्ता का संग्रहण इस बार भी पहले की तरह जारी है। जिले की 39 समितियों के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य किया जा रहा है और ग्रामीण बड़ी संख्या में इसमें हिस्सा ले रहे हैं। जिला वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) दिनेश पटेल ने बताया कि राजनांदगांव यूनियन अंतर्गत मोहला-मानपुर जिले में हर साल करीब 80 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य रहता है, जिसमें से लगभग 60 हजार मानक बोरा अकेले इसी जिले से प्राप्त होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ते समय जंगली जानवरों से सतर्क रहें और सुरक्षित तरीके से संग्रहण करें। इस बार मौसम की अनुकूलता के कारण अधिकांश समितियों में संग्रहण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है, जबकि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर थोड़ी बाधा आई थी। डीएफओ के अनुसार, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार स्थिति बेहतर है क्योंकि अब जिले से नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त हो चुका है, जिससे तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य बिना किसी डर के बेखौफ होकर किया जा रहा है और अधिक उत्पादन की उम्मीद है।







