हर्राकोडेर मढ़ई-मेला में शमिल हुए चित्रकोट विधायक, आश्रम शाला का किया निरीक्षण

जगदलपुर। बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतिम एवं सुदूर ग्राम पंचायत हर्राकोडेर में मंगलवार को आयोजित पारंपरिक मढ़ई मेला कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने सहभागिता कर उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां गंगादेई की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मढ़ई मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधायक गोयल ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा हमारी संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
मढ़ई मेला कार्यक्रम के बाद विधायक गोयल ने शासकीय कन्या आश्रम शाला हर्राकोडेर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से मुलाकात कर पढ़ाई, भोजन, रहन-सहन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विधायक गोयल ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने प्रेरित किया।







