ChhattisgarhRegion

दादा-दादी, नाना-नानी खेल उत्सव में बुजुर्गों के साथ खिलखिला उठा बचपन

Share

जगदलपुर। जिले की विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आधुनिकता की भागदौड़ के बीच पारिवारिक जुड़ाव की एक नई मिसाल पेश करते हुए आज गुरूवार काे आयोजित दादा-दादी, नाना-नानी खेल उत्सव ने न केवल आंगनवाड़ी के बच्चों, बल्कि उनके अभिभावकों और घर के बुजुर्गों के जीवन में भी उत्साह का नया संचार कर दिया। इस आयोजन की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 126 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
उत्सव का आगाज अत्यंत भावपूर्ण रहा, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी परंपरा और संस्कृति का परिचय देते हुए अपने दादा-दादी और नाना-नानी का स्वागत आरती, तिलक और फूलों के गुलदस्ते भेंट कर किया। स्वागत की इस बेला के बाद शुरू हुआ खेलों और मनोरंजन का वह सिलसिला, जिसने उम्र के फासले को पूरी तरह मिटा दिया। खेल के मैदान में उतरे दादा-दादी और नाना-नानी ने बच्चों जैसी ऊर्जा दिखाते हुए म्यूजिक चेयर, रस्साकशी और चम्मच-दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इतना ही नहीं डांस, पेपर कप और ब्लॉक बनाने जैसी गतिविधियों में बुजुर्गों और बच्चों की जुगलबंदी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस पूरे उत्सव का सबसे भावुक और रोमांचक क्षण वह रहा, जब आंखों पर पट्टी बांधकर अपने बच्चों को पहचानने की गतिविधि आयोजित की गई । इस अनूठे खेल ने यह सिद्ध कर दिया कि पीढ़ियों के बीच का रिश्ता केवल देखने तक सीमित नहीं होता, बल्कि स्पर्श और आत्मीयता की गहरी जड़ों से जुड़ा होता है। जब बुजुर्गों ने अपनी बंद आंखों के बावजूद अपनी अगली पीढ़ी को पहचान लिया, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और मुस्कुराहटों से गूंज उठा । समापन की ओर बढ़ते हुए, इस तीन दिवसीय उत्सव ने समाज को यह संदेश दिया कि खुशियों के लिए किसी खास उम्र की सीमा नहीं होती। जहां बच्चों को अपने बड़ों का बेशुमार प्यार मिला, वहीं दादा-दादी और नाना-नानी की खिलखिलाहट ने यह साबित कर दिया कि रिश्तों का यह संगम वाकई अनमोल है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button