Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं

Share

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव के स्टेट स्कूल ग्राउंड में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह जन-जन के नेता हैं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री साय ने उनके पंद्रह वर्षों के कार्यकाल को छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का प्रभावी मॉडल तैयार हुआ, जिसे पूरे देश ने अपनाया। गरीबों और वंचितों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की योजना उनकी संवेदनशीलता का उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के लिए डॉ. रमन सिंह ने धान खरीदी प्रणाली को सुव्यवस्थित किया और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाया। आज राज्य में किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक की खरीदी की जा रही है, जो उनके स्थापित मॉडल की निरंतरता है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए, विशेषकर जनजातीय अंचलों में स्कूलों और अस्पतालों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। सादगी और मितभाषिता को उनका स्वभाव बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपनी उपलब्धियों के बावजूद सदैव विनम्र रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा अपनी स्थापना की रजत जयंती मना रही है और रमन सिंह के नेतृत्व में कई नवाचार हुए हैं, जिनमें विधायकों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम प्रमुख है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक पद्मश्री कैलाश खेर ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button