मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले — बिहार में फिर लौटेगा राजग, मिलेगा प्रचंड बहुमत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। मुख्यमंत्री साय ने यह बात बिहार में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी एवं मंत्री नितिन नबीन के नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने उल्लेखनीय विकास किया है और केंद्र सरकार बिहार को पूर्ण विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम आने पर राजग भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। बता दें कि नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मंत्री ओपी चौधरी और कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व नितिन नबीन ने अपने पिता और पूर्व विधायक स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
