Chhattisgarh

महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया बाबा धाम में पूजा-अर्चना

Share

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जिला खनिज न्यास मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों—मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के लिए विश्राम व भोजन शेड, शौचालय परिसर तथा पार्किंग हेतु सीमेंट कांक्रीट सड़क—का शिलान्यास किया और कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और खुले स्थान पर सभी ऋतुओं में साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button