मुख्यमंत्री साय ने कुनकुरी में छठ पूजा की, छत्तीसगढ़ में विविध कार्यक्रम जारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार सुबह कुनकुरी घाट पहुंचकर छठ महापर्व में पूजा-अर्चना की और उसके बाद जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वे सुबह 7:40 बजे ग्राम बेमलाटोली पहुंचे और 8:10 बजे अपने गृहग्राम बगिया लौट गए। दोपहर में वे जशपुर से फरसाबहार के लिए रवाना होंगे, जहां 2:00 बजे विधानसभा सम्मेलन – आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 3:55 बजे वे बगिया लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे।
राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर NEWS 24 MP-CG और लल्लूराम डॉट कॉम के सहयोग से ‘रजत सम्मेलन – विजन @ 2025 : कल, आज और कल’ का भव्य आयोजन होटल बेबीलोन कैपिटल में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रबुद्धजन और विशेषज्ञ दिनभर छत्तीसगढ़ के विकास और नए सवेरे की सार्थक परिचर्चा करेंगे।
साथ ही, छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) आज से शुरू हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नए नामों को जोड़ने पर रोक रहेगी और सूची फ्रीज कर दी जाएगी। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार मंगलवार दोपहर 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज कांकेर प्रवास पर रहेंगे और गोविंदपुर में बस्तर ओलंपिक – 2025 विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे, इसके बाद रायपुर लौटेंगे।
आर्थिक मोर्चे पर राजधानी में सप्ताह के पहले दिन सोने में 2,100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी में 6,500 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई। सोमवार को सोना 1,25,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।
राज्य राजधानी में निगम की सामान्य सभा 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इससे पहले सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कांग्रेस, निर्दलीय और भाजपा पार्षद दलों की बैठकें बुलाई हैं। वहीं, नीट पीजी में NRI-OCI अभ्यर्थियों के दस्तावेज जमा करने की आज अंतिम तारीख है।






