Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट

Share

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कमजोर होने से छत्तीसगढ़ में नमी की मात्रा घटने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी और लोगों को अब रजाई-कंबल का सहारा लेना पड़ेगा। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है, जबकि दो दिन बाद मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे नमी कम हो रही है। गुरुवार को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान मनेंद्रगढ़ में 33.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम अंबिकापुर में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 6 नवंबर से उत्तर छत्तीसगढ़ में और 7 नवंबर से मध्य व दक्षिण भागों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button