छत्तीसगढ़ होटल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव ढेबर का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक, मांग रहे 48-48 हजार

रायपुर। सायबर ठगों ने छत्तीसगढ़ होटल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव उमेर ढेबर का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर उनके नाम से परिचितों और संपर्क सूची में मौजूद लोगों से 48-48 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। इसकी जानकारी होने के बाद उमेर ढेबर ने साइबर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमेर ढेबर के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कूरियर कंपनी ब्लू डार्ट का कर्मचारी बताया। बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया और कुछ ही देर में उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद उनका अपने व्हाट्सऐप पर पूरा नियंत्रण खत्म हो गया। व्हाट्सऐप हैक करने के बाद ठग ने उमेर ढेबर के नंबर से उनके परिचितों और दोस्तों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया। वह खुद को परेशानी में बताकर इमरजेंसी के नाम पर 48-48 हजार रुपए मांग रहा है। कुछ लोगों को शक होने पर उन्होंने उमेर ढेबर से संपर्क किया, तब इस साइबर ठगी का पता चला।
मामले की जानकारी मिलते ही उमेर ढेबर साइबर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि जरूर करें और बिना जांचे कोई रकम न भेजें।







