समावेशी विकास और सुशासन की नई दिशा छत्तीसगढ़ का बजट 2026-27

विष्णुदेव साय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए जा रहे राज्य के बजट को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवीन विधानसभा भवन में प्रस्तुत होने जा रहा उनकी सरकार का यह तीसरा बजट विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार के विज़न को नई मजबूती प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के राष्ट्रीय संकल्प को केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश के “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को मजबूत आधार प्रदान करेगा तथा बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास को नई दिशा देगा।







