ChhattisgarhCrime

जेईई मेंस परीक्षा में नकल, चप्पल के अंदर छिपाकर ले गया मोबाइल

Share

दुर्ग। जेईई मेंस की परीक्षा में नकल कर रहा एक छात्र को दुर्ग पुलिस ने पकड़ा है। यह मामला पुरानी भिलाई के पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज की है। यहां परीक्षा के दौरान एक छात्र अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर ले गया था। गार्ड के कारण आरोपी पकड़ा गया। परीक्षा प्रबंधक ने आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया।
गुरुवार को जेईई मेंस की परीक्षा 9 बजे से आयोजित थी। पहली पाली की परीक्षा में आरोपी परीक्षार्थी आदित्य परीक्षा केन्द्र पहुंचा। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उसने अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, ताकि मेटल डिटेक्टर की जांच में वह न पकड़ा जाए। इसके बाद वह लैब में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया। परीक्षा के दौरान सुबह 11:08 बजे आदित्य ने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी। वह 20 मिनट तक बाहर रहा। जब वह वॉशरूम से वापस लौटा तो सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। इस बार भी आरोपी ने चालाकी दिखाई और पहले ही अपनी चप्पलें दूर उतार दीं।
जांच के बाद जैसे ही आदित्य ने चप्पल पहनी और लैब की तरफ बढ़ने लगा तो गार्ड की नजर उसकी चाल पर पड़ी। वह जमीन पर घसीटकर चल रहा था। गार्ड को उसकी हरकत संदिग्ध लगी, इसके बाद उसने छात्र को रोककर उसकी चप्पल की जांच की तो चप्पल के अंदर मोबाइल मिला।
छात्र ने चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल रखने के लिए जगह बनाई थी। चप्पल के अंदर मोबाइल फोन पूरी तरह छिपा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए के अधिकारियों को सूचना दी गई और आरोपी छात्र को पुलिस को सौंप दिया गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button