ChhattisgarhRegion

चंद्रशेखर विवाद को संवाद के माध्यम से सुलझाने के हिमायती थे : प्रो. शर्मा

Share


भिलाई। जयप्रकाश नारायण स्मारक प्रतिष्ठान और आचार्य नरेन्द्रदेव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति के तत्वावधान में एचएससीएल कालोनी रुआबांधा स्थित परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्र शेखर की 19वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर लोकतंत्र एवं संविधान के प्रहरी विषय पर गोष्ठी हुई। शुरुआत में उपस्थित लोगों ने स्व. चंद्रशेखर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक आर.पी. शर्मा ने अपने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज स्व. चंद्रशेखर की समाजवादी नीतियों को दृढ़तापूर्वक लागू करने की जरूरत है। जिससे समाज के सभी वर्ग को समान रूप से प्रगति के अवसर मिले। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. डीएन प्रोफेसर शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के नाम पर हो रहे राजनीतिक बदलाव का युवाओं पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के सहारे जानकारी एकत्र करने वाले युवा भ्रमित हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चन्द्रशेखर को याद करते हुए कहा कि वे विवाद को संवाद के माध्यम से सुलझाने के हिमायती थे और सदन से सड़क तक एक ही बात कहते थे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एडवोकेट जमील अहमद ने कहा कि स्व. चन्द्रशेखर की छवि योद्धा की थी। वे अपने कार्यकाल के दौरान जनसमस्याओं का समाधान यथासंभव त्वरित ढंग से हल करने में यकीन रखते थे। गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि पूर्व पार्षद देवेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान में सत्ता व्यक्ति केन्द्रित हो गई है, यह दुर्भाग्यजनक है। आज के दौर में स्व. चंद्रशेखर जैसे प्रधानमंत्री की कार्यशैली का अभाव दिखता है। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष सिंह ने कहा कि वर्तमान में सरकार दोषपूर्ण एजेण्डे के सहारे चल रही है। जिसका दुष्प्रभाव भिलाई स्टील प्लांट और उसके कामगारों पर भी पड़ रहा है। आयोजन में बी. एम. सिंह और वरिष्ठ पत्रकार सहदेव देशमुख ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम मे सजपा (चंद्रशेखर) के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव नंदकिशोर साहू, राजकुमारी, अनिता निषाद, भुवनेश्वरी, दसोदा,डी0 पी0 सिंह, जीवनन्दन सिंह, मदन श्रीवास्तव, सत्यनारायण मुप्ता, मनराम सिंह, आर0डी0 चौधरी, कपिल प्रसाद, हरिश्चन्द्र, अजय चंदेल, त्रिलोक सिंह और एपी सिंह आदि उपस्थित थे। अंत में आभार प्रदर्शन जयराम पासी ने किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button