प्रदेश में कड़ाके की ठंड, कोहरा बढ़ने की संभावना

छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड और कोहरे का दौर लगातार जारी है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है और सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग व रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की आशंका है। गुरुवार सुबह रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और जीपीएम सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश में अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल कोई विशेष मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा। राजधानी रायपुर में आज कोहरा छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शीतलहर को देखते हुए रायपुर मेयर मीनल चौबे और निगम कमिश्नर विश्वदीप ने अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं, वहीं नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए शहर के 12 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है।







