बस हादसा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल जोड़ों से भरी बस सड़क किनारे गड्ढे में उतरी

जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस मंगलवार को हादसे का शिकार हो गई। यह घटना पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां बस सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे के समय बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे। सभी यात्री घायल हो गए और उन्हें तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के समय बस तेज रफ्तार में थी और संतुलन बिगड़ने के कारण यह गड्ढे में उतर गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक-कंडक्टर की तलाश जारी है। इस हादसे ने प्रशासनिक तैयारियों और परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







