
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट राज्य के दो दिनी दौरे आए हैं। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा डराने की रणनीति और राजनीति पर काम कर रही है। पहले वह लोगों को लालच देती है, उसके बाद डराती है। भाजपा अपनी राजनीति साधने के लिए कांग्रेस नेताओं के साथ यह खेल रच रही है।
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एकजुट हैं। कांग्रेस को बीजेपी से किसी तरह का डर नहीं है। भाजपा के तरीके की राजनीति आज तक के लोकतंत्र में कभी नहीं हुई। सचिन पायलट ने कहा कि पहले कांग्रेस नेताओं को लालच दिया जाता है। अगर वह नहीं मानते हैं तो उनके ऊपर केस कर दिया जाता है। राज्य में किस किस नेता को भाजपा ने लालच दिया। इस पर पायलट ने कहा कि उसकी लिस्ट हमारे पास मौजूद है, समय आने पर उसका खुलासा करेंगे।
श्री पायलट ने कहा कि वे दो दिनों से यहां बैठकें कर रहे हैं। सभी नेताओं से बातचीत कर फीडबैक लिया है। जो फीडबैक हमें मिला है उसके आधार पर हम आगे की रणनीति बनाएंगे। आज से डेढ़ साल पहले भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता से जो वादे करके सरकार बनाई थी, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार पूरी तरह फेल है। यहां के स्थानीय नेता अपनी पीठ थपथपाने के लिए केंद्र के नेताओं को बुलाते हैं और उनसे अपनी उपलब्धियों की गिनती करवाते हैं। प्रदेश प्रभारी ने यह भी कहा कि सरकार के काम की एक भी उपलब्धि जनता के बीच नहीं है। यही वजह है कि भाजपा के लोग जनता के बीच जाने से कतराते हैं।
