बलौदाबाजार में बर्ड वॉक से बढ़ी वन्यजीव संरक्षण की जागरूकता

बलौदाबाजार में वन विभाग द्वारा डीएफओ गणवीर धम्मशील की प्रेरणा से चल रही ‘युवान (YUVAN)’ पहल के तहत छुइहा बांध में पक्षी दर्शन (बर्ड वॉक) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6:15 बजे वन कार्यालय से शुरू हुए इस कार्यक्रम में पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा के नेतृत्व में 10 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने प्रतिभागियों को पक्षियों की पहचान के तरीके जैसे उनकी आवाज, उड़ान शैली और खान-पान की आदतों के आधार पर समझाए। इस दौरान छुइहा बांध और आसपास के क्षेत्रों में कुल 45 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान की गई, जिनमें यूरेशियन कूट, मूरहेन, स्वैम्पेन, किंगफिशर, कोयल और ब्लैक काइट जैसे पक्षी प्रमुख रहे। प्रतिभागियों ने पक्षियों के घोंसलों और उनके प्राकृतिक आवास का भी अवलोकन किया। हेमंत वर्मा ने बताया कि पलायन (माइग्रेशन) के समय यह गतिविधि पक्षियों के व्यवहार को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ‘युवान’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।







