बिलासपुर पुलिस की नई सख्ती बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को अब पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा

बिलासपुर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के किसी भी पेट्रोल या डीजल पंप पर अब ऐसे वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा, जिनकी नंबर प्लेट गायब हो या उसमें छेड़छाड़ की गई हो। पुलिस ने सभी पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध नंबर वाले वाहन दिखाई देने पर तुरंत कंट्रोल रूम पर सूचना दें। इसका उद्देश्य न केवल ट्रैफिक नियमों का पालन कराना है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी है। थानेदार, चौकी प्रभारी और पेट्रोलिंग टीम को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि कई आपराधिक घटनाओं और सड़क हादसों में बिना नंबर वाले वाहनों की संलिप्तता सामने आई है, इसलिए इस कदम से क्राइम कंट्रोल और निगरानी को बढ़ावा मिलेगा।







