बिलासपुर सराफा लूट चार आरोपी यूपी से गिरफ्तार, पुलिस ले आई 24 घंटे में पूरा माल

बिलासपुर में सराफा व्यवसायी पर जानलेवा हमला और लूट के मामले में यूपी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज होने के कारण आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाने के लिए प्रोडक्शन रिमांड लेना पड़ा। दो दिनों तक बिलासपुर पुलिस टीम आरोपियों के रिमांड के लिए जुटी रही और शुक्रवार शाम मिर्जापुर की अदालत से चारों आरोपियों का रिमांड मिलते ही पुलिस उन्हें लेकर बिलासपुर के लिए रवाना हो गई, जहां शनिवार देर शाम या रात तक उनकी पहुंच होने की संभावना है। राजकिशोर नगर में हुई लूट के चार आरोपी मिर्जापुर के अहरौर में पकड़े गए थे, जिसमें पुलिस मुठभेड़ में विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल के पैर में गोली लगी थी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद मिर्जापुर पुलिस ने लूट का माल रखने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इस पूरे अभियान में सीएसपी निमितेश सिंह और उनकी टीम ने यूपी और बिलासपुर पुलिस के साथ लगातार समन्वय किया। घटना के तुरंत बाद आईजी रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों में नाकेबंदी के निर्देश दिए और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह समेत कई अधिकारियों की टीम गठित कर ऑपरेशन चलाया। महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को ट्रेस कर यूपी पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया और लूट का सारा माल बरामद कर लिया गया। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में बिलासपुर और आसपास की अन्य अनसुलझी लूट व डकैती की वारदातों के राज खुल सकते हैं और गिरोह के नेटवर्क तथा अन्य राज्यों से जुड़े संबंध भी उजागर होंगे।







