
कांग्रेस ने शुक्रवार को बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके पार्टी और यूथ कांग्रेस के अकाउंट को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई टैक्स से संबंधित 2018-2019 के नोटिस को लेकर हुई है। कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि हमें कल (15 फरवरी) जानकारी मिली कि बैंक हमारे द्वारा जारी किए जा रहे चेक को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। आगे की जांच करने पर हमें पता चला कि यूथ कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के अकाउंट भी सीज कर दिए गए हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपये की रिकवरी मांगी है। हमारे खातों में क्राउडफंडिंग का पैसा फ्रीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक 2 हफ्ते पहले जब विपक्ष के अकाउंट फ्रीज कर दिए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को फ्रीज करने के बराबर है।
