पंडरिया में 13 करोड़ की कृषि-सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समृद्धि और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा ने ग्राम छीरपानी में 13 करोड़ 78 लाख 74 हजार रुपए की लागत से विभिन्न कृषि, सिंचाई और जल संरक्षण परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में महीडबरा जलाशय और नहर कार्य संरचनाओं का जीर्णोद्धार, दो व्ही.आर.बी. निर्माण, मुख्य नहर की सी.सी. लाईनिंग, आगर नदी पर एनीकट निर्माण और ग्राम अमनिया के कन्हैया नाला में एनीकट निर्माण कार्य शामिल हैं। भावना बोहरा ने कहा कि इन परियोजनाओं से जल संचय की क्षमता बढ़ेगी, किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी मिलेगा और फसल उत्पादन एवं आय में वृद्धि होगी। एनीकटों और नहरों के निर्माण से भू-जल स्तर में सुधार आएगा और गर्मियों में भी सिंचाई संभव होगी। उद्वहन सिंचाई योजना के माध्यम से ऊँचाई वाले खेतों तक भी पानी पहुंचेगा। इन परियोजनाओं का लाभ पंडरिया विधानसभा के हजारों किसानों को मिलेगा और इससे ग्रामीण विकास तथा कृषि के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित होगी। इससे पहले भी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जलाशय, नहर और सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण कार्य किया गया है, जो कृषि और रोजगार दोनों को बढ़ावा दे रहे हैं। भावना बोहरा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डबल इंजन सरकार की तत्परता से किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का काम लगातार जारी है।







