दिल्ली रवाना होने से पहले साय बोले निगम मंडलों में जल्द होगी नियुक्तियां थोड़ा इंतजार कीजिए

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात करने और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए सोमवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा में कहा कि निगम मंडलों में जल्द नियुक्तियां होगी, इसके लिए थोड़ा इंतजार कीजिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री साय मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और नक्सल सहित राज्य की अन्य गतिविधियों की जानकारी उन्हें देंगे। इसके बाद श्री साय केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे के रिसेप्शन में शामिल होंगे। इसके साथ वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात करेंगे और निगम मंडलों में नियुक्तियों पर चर्चा करने के बाद जल्द ही नियुक्ति की जाएगी। श्री साय मंगलवार की देर शाम राजधानी वापस लौट जाएंगे।
