गार्डन में टहल रहे लोगों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, मची भगदड़
बिलासपुर। कंपनी गार्डन में शुक्रवार सुबह सैर करने वालों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसके चलते गार्डन में भगदड़ मच गई।
जानकारी के मुताबिक, गार्डन में पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर मार दिया। इसके बाद मधुमक्खियो ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खी के काटने से लोगों के चेहरे, हाथ और कान से सूजन आ गई। घटना के बाद सैर करने आए लोग घबराकर गार्डन से बाहर निकले और इलाज के लिए सिम्स पहुंचे।
घायल राकेश वर्मा ने बताया कि वे रोज की तरह सुबह टहल रहे थे। तभी अचानक भिनभिनाने की आवाज आई और मधुमक्खियों ने चेहरे पर डंक मारना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोग चीखते हुए गेट की ओर भागे और बाद में सिम्स में इलाज कराया। लोगों ने नगर निगम और उद्यान विभाग से मामले की जांच और गार्डन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





