20, 27 और 31 मार्च को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, खुला तो होगा समान जब्त

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने आगामी धार्मिक पर्वों के मद्देनजर 20 मार्च को चेट्रीचंड, 27 मार्च को श्रीरामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के दिन मांस-मटन के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के परिपालन में जारी किया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी डा. तिप्ती परगनिया ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि इन तीनों तिथियों पर नगर निगम क्षेत्र में स्थित सभी पशुवध गृह और मांस-मटन की दुकानों को बंद रखा जाएगा।
नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और जोन स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए संबंधित जोन में मांस-मटन की दुकानों का लगातार निरीक्षण भी किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे के निर्देशानुसार इन पावन पर्वों के दिन यदि किसी होटल या दुकान में मांस-मटन की बिक्री करते हुए पाया गया, तो सामग्री जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों और होटल संचालकों से आदेश का पालन करने की अपील की है, ताकि पर्वों के दौरान धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखा जा सके।







