चाकू के बल पर लूटने का प्रयास, दो गिरफ्तार
बिलासपुर। कार सवार युवकों को चाकू के बल पर लूटपाट का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
बेलगहना पुलिस चौकी के अनुसार, हरिल साथ टोप्पो, नीलिमा तिर्की एवं रामप्यारी तिर्की 1 अप्रैल की रात गनियारी से मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर कार से विचारपुर लौट रहे थे। रात 10.30 बजे बेलगहना से कोनचरा मार्ग के जंगल में नीलगिरी प्लाट के पास बिना नंबर की दो बाइक पर सवार दो युवकों ने चाकू दिखलाकर रास्ता रोकने की कोशिश की। इस पर भयभीत कार चालक हरिल साय द्वारा कार को तेजी से भगा ले गए। इसका बाइक सवार युवकों ने पीछा करते हुए 7 किलोमीटर दूर ग्राम विचारपुर में रोक लिया।कार सवार हरिल साय, निलिमा, रामप्यारी तिर्की को चाकू दिखलाकर जान से मारने की धमकी देते हुए लूट का प्रयास करने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों के आने पर आरोपीगण भाग गए। आरोपियों ने अपनी बाइक घटना स्थल पर ही छोड़ दी। पीड़ित हरिल साय टोप्पो पिता स्व. अमरसाय टोप्पो ने विचारपुर चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई ।
पुलिस ने आरोपी सिद्धान्त पाण्डेय उर्फ राज पाण्डेय (20) गंगानगर बेलगहना निवासी राजकुमार पोर्त उर्फ सोनू (20) करवा चौकी बेलगहना निवासी को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर किया। दोनों को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया ।






