Chhattisgarh

15 साल की उम्र में आईपीएल में रचा इतिहास, क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप

Share

भारत की धरती पर समय-समय पर ऐसे प्रतिभाशाली क्रिकेटर जन्म लेते रहे हैं, जिन्होंने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा से विश्व क्रिकेट और क्रिकेट प्रेमियों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर किया है। आज के दौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिस युवा क्रिकेटर की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, उसका नाम वैभव सूर्यवंशी है। अपने नाम के अनुरूप ही इस 15 वर्षीय खिलाड़ी ने भारत का वैभव कहलाने का गौरव हासिल किया है। कम उम्र में जिस आत्मविश्वास, तकनीक और आक्रामकता के साथ उन्होंने क्रिकेट जगत में पहचान बनाई है, उसे देखकर लोग उन्हें “क्रिकेट का जादूगर” कहने लगे हैं। वैभव ने आईपीएल के एलिमिनेटर मैच में हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिसमें एक सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ सर्वाधिक रन बनाने और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कारनामे शामिल हैं। उनकी बल्लेबाजी में एक अनोखा आकर्षण दिखाई देता है, जहां हर शॉट में आत्मविश्वास और आक्रामकता झलकती है। चाहे सामने कोई भी दिग्गज गेंदबाज हो, उनका रवैया हमेशा आक्रामक रहता है और उनकी टाइमिंग, शॉट चयन तथा परिस्थितियों को समझने की क्षमता उम्र से कहीं अधिक परिपक्व नजर आती है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीक के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता भी एक महान खिलाड़ी की पहचान होती है और वैभव में ये सभी गुण स्पष्ट दिखाई देते हैं। आधुनिक क्रिकेट में धैर्य, रणनीति और मानसिक संतुलन बेहद जरूरी हैं, और वैभव दबाव की स्थिति में भी अपना स्वाभाविक खेल खेलते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम पर भारी पड़ते हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उनके खेल में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गजों की झलक दिखाई देती है, हालांकि उनकी तुलना करना जल्दबाजी होगी, लेकिन भविष्य के सितारे के रूप में उनकी क्षमता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। छोटे शहरों और साधारण परिवार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी आज युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनते जा रहे हैं और यदि वे इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे, तो आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिलना तय है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button